
हल्द्वानी, 28 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में आपदा प्रबंधन दिवस पर शनिवार को नैनीताल जिले में व्यापक स्तर पर आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिले की विभिन्न तहसीलों में 14 स्थानों पर हुए इस अभ्यास में भूकंप, अग्निकांड, शॉर्ट सर्किट, सुरंग में चट्टान टूटने, जलभराव, रासायनिक पदार्थों के रिसाव और भगदड़ जैसी आपातकालीन परिस्थितियां तैयार कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। इस दौरान पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, राजस्व सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ बचाव अभियान चलाकर अपनी तैयारियों को परखा।
मॉक ड्रिल के दौरान बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल में भूकंप के झटकों और कंपन से उत्पन्न आपात स्थिति का अभ्यास किया गया। रामदत्त जोशी जिला चिकित्सालय रामनगर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना का परिदृश्य तैयार किया गया, जबकि हल्द्वानी के वॉक-वे मॉल में भूकंप के बाद अफरा-तफरी और अग्निकांड की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास हुआ। जमरानी बांध स्थल पर सुरंग के भीतर चट्टान टूटने और जलभराव की स्थिति से निपटने का अभ्यास किया गया। वहीं लालकुआं स्थित पेपर मिल में रासायनिक पदार्थों के रिसाव तथा श्री कैंचीधाम मंदिर परिसर में भगदड़ जैसी परिस्थितियों में बचाव अभियान चलाया गया।
मॉक ड्रिल के बाद आयोजित डिब्रीफिंग में अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने कहा कि आपदा प्रबंधन में पूर्णता की कोई अंतिम सीमा नहीं होती और सुधार की गुंजाइश हमेशा बनी रहती है। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान टीमों का रिस्पॉन्स टाइम अच्छा रहा, लेकिन वास्तविक आपदा के समय इससे भी कम समय में राहत एवं बचाव कार्य शुरू करना जरूरी है, ताकि प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता मिल सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और तैयारियों को लगातार बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में एसपी संचार रेवाधर मठपाल, उपजिलाधिकारी डॉ. अमृता सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।











