
हल्द्वानी। आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल, लामाचौड़ के प्रतिभाशाली छात्र तरुण खुल्बे ने पुणे, महाराष्ट्र में आयोजित इंडियन ताइक्वांडो नेशनल चैंपियनशिप अंडर-14 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल कर विद्यालय एवं उत्तराखंड का नाम रोशन किया।
तरुण ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, आत्मविश्वास और अनुशासन का परिचय देते हुए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की। उनकी इस सफलता ने विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के फलस्वरूप तरुण की उपलब्धि में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। उनका आगामी वर्ल्ड चैंपियनशिप ट्रायल के लिए उत्तराखंड से चयन हुआ है। यह चयन उनकी निरंतर मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का प्रमाण है।
विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य ने तरुण को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि तरुण की यह उपलब्धि उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उसकी सफलता से विद्यालय परिवार गौरवान्वित है। उन्होंने तरुण के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं उत्तराखंड का नाम रोशन करेगा।
समस्त आर्डन परिवार ने तरुण को हार्दिक बधाई दी एवं वर्ल्ड चैंपियनशिप ट्रायल के लिए ढेरों शुभकामनाएँ प्रदान की।








