
हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करवाने के लिए एक व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
मनोज कुमार कत्याल एसपी हल्द्वानी एवं अमित कुमार अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी के पर्यवेक्षण तथा जसवीर सिंह चौहान प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हुड़दंगबाजी और स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक आज शाम नैनीताल-हल्द्वानी मोटर मार्ग पर कुछ पर्यटकों द्वारा चलती कार की खिड़कियों पर बाहर बैठकर खतरनाक तरीके से वीडियो (रील्स) बनाई जा रही थी, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों और स्वयं उनकी जान को गंभीर खतरा पैदा हो रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिलीप कुमार चौकी प्रभारी मल्ला काठगोदाम व पुलिस टीम द्वारा तत्काल संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त वाहन को मल्ला काठगोदाम चौकी पर रोककर चेक किया गया। जांच के दौरान वाहन के शीशों पर प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म (काली फिल्म) लगी पाई गई, जिसे पुलिस टीम द्वारा मौके पर ही उतरवाया गया। इसके साथ ही, सड़क पर स्टंटबाजी करने और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने पर वाहन के खिलाफ मोटर वाहन एमवी एक्ट के अंतर्गत भारी चालानी कार्रवाई की गई।
पूछताछ में कार सवारों ने बताया कि वे लखनऊ (उत्तर प्रदेश) से नैनीताल घूमने आए थे और वापसी के दौरान वे इस प्रकार की जानलेवा गतिविधि कर रहे थे। काठगोदाम पुलिस द्वारा कार में सवार सभी पर्यटकों को दोबारा ऐसी गलती न करने की कड़ी हिदायत दी गई।
“नैनीताल जनपद में देश-विदेश से आने वाले सभी पर्यटकों का स्वागत है, लेकिन ‘पर्यटन’ के नाम पर ‘हुड़दंगबाजी’ और ‘स्टंटबाजी’ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रील्स बनाने या सोशल मीडिया पर मशहूर होने के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस बेहद सख्त रुख अपनाएगी। उसका न सिर्फ भारी-भरकम चालान किया जाएगा, बल्कि वाहन सीज करने और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने जैसी कठोर कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और देवभूमि की शांति व यातायात व्यवस्था को बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।”









