
ऋषिकेश। एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां विस्थापित कॉलोनी में एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां को तमंचे से गोली मार दी। यह पूरी वारदात रविवार रात की बताई जा रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विस्थापित कॉलोनी की गली नंबर तीन में 63 वर्षीय ऊषा देवी अपने 32 वर्षीय बेटे सुमित गौड़ के साथ रहती थीं। सुमित लंबे समय से नशे का आदी है और इस लत के कारण वह बेरोजगार घूम रहा था। रविवार रात को भी मां ने उसे नशा करने से रोका था, जिससे नाराज होकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
सिर पर गोली लगने के कारण बुजुर्ग मां लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। वारदात के बाद आरोपी बेटा खुद ही गंभीर हालत में मां को इलाज के लिए एम्स (AIIMS) के ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचा। आईडीपीएल पुलिस चौकी प्रभारी विवेक राठी ने तत्परता दिखाते हुए अस्पताल परिसर से ही आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से तमंचा भी बरामद कर लिया है।
आसपास के पड़ोसियों का कहना है कि सुमित की नशे की लत के कारण घर में अक्सर विवाद होता रहता था। वह पहले होटल में काम करता था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से कोई काम नहीं कर रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और एम्स में भर्ती मां की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।









