
हल्द्वानी । दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक के खिलाफ, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही, एनटीए को रद्द करने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर पिछले 22 दिनों से भूख हड़ताल चल रही है। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जबरन उठाए जाने के बावजूद आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा, मनीष, आमीन समेत कई छात्र नौजवान भूख हड़ताल जारी है।
जिला सचिव भाकपा माले नैनीताल के जिला सचिव डॉ कैलाश पाण्डेय ने बताया कि जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन की ओर से 20 जुलाई को दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया गया था। इसी के आह्वान के तहत दिल्ली जंतर मंतर पर छात्र युवाओं के मार्च में शामिल होने जा रहे आइसा के नैनीताल जिलाध्यक्ष धीरज कुमार और आइसा के अन्य साथियों को लालकुंआ से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह बेहद निंदनीय है. मोदी राज में पेपर लीक करना अपराध नहीं है लेकिन पेपर लीक पर सवाल उठाना अपराध घोषित हो गया है. एसएसपी नैनीताल बताएं कि परीक्षाओं के पारदर्शी और जवाबदेही के लिए आवाज उठाना क्या अपराध है?
केंद्र सरकार और राज्य सरकार जिस तरह से अपने एजेंडे के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है उससे पूरे देश को पुलिस स्टेट में तब्दील करने का काम किया जा रहा है और पुलिस भाजपा के कैडर की तरह व्यवहार कर रही है यह बंद होना चाहिए.
जिस तरह से केंद्र सरकार के निर्देश पर छात्र नौजवानों को दिल्ली जाने से रोकने की जबरन कोशिश की जा रही है यह दर्शाता है कि यह सरकार इस आंदोलन से कितनी डरी हुई है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए दिल्ली जा रहे छात्रों की गिरफ्तारी निंदनीय है, उन्हें तत्काल रिहा किया जाए।









