
देहरादून। आरटीओ हल्द्वानी कार्यालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी महेंद्र सिंह नेगी को सरकार ने सस्पेंड कर दिया। सहकर्मी से विवाद के बाद उन पर घर से दफ्तर में हथियार लाने और फायर करने का आरोप है। विभाग की रिपोर्ट के बाद परिवहन सचिव रविनाथ रमन ने बुधवार को नेगी के निलंबन के आदेश जारी किए। चौकी प्रभारी दीपा जोशी की तहरीर पर केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक नेगी का मंगलवार सुबह सहकर्मी से विवाद हो गया। इसके बाद वह घर चले गए ओर अपने साथ हथियार लेकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि शाम करीब चार बजे कमरे के बाहर से ही उन्होंने फायर झोंक दिया। हमले में सहकर्मी बाल बाल बच गया और गोली फाइलों में फंस गई। घटना की रिपोर्ट आरटीओ-प्रशासन ने परिवहन सचिव को भेजी। रिपोर्ट के अनुसार नेगी बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के दफ्तर में हथियार लेकर आए। इतना ही नहीं पंजीयन अनुभाग के बाहर से फायर किया। निलंबन अवधि में नेगी को यूएसनगर एआरटीओ कार्यालय से अटैच किया है। वारदात के बाद से फोन बंद है और वह फरार हैं।









