
नैनीताल। जनपद में विगत दो दिनों से लगातार हो रही भारी वर्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
लगातार हो रही बारिश के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं जिसमें, जिला आपदा कंट्रोल रूम सहित सभी तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रहने के साथ ही सभी कार्यदायी संस्थाओं, लोनिवि, पीएमजीएसवाई, एनएच, सिंचाई, विद्युत, पेयजल को अपनी मशीनरी एवं मैनपावर के साथ संवेदनशील स्थलों पर तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी मार्ग के अवरुद्ध होने पर तत्काल खोला जा सके।
जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि राजस्व विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर क्षति का आकलन कर रही हैं। जहां कहीं भी मकानों को आंशिक क्षति या पशुहानि की सूचना है, वहां तहसीलदार के माध्यम से तत्काल राहत वितरण कराया जा रहा है।
उन्होंने अवगत कराया कि जनपद में वर्तमान में लगभग चार दर्जन के आसपास मार्ग अवरुद्ध हैं, जिनमें से 90 प्रतिशत ग्रामीण सड़कें हैं। 4-5 स्टेट हाईवे एवं राष्ट्रीय राजमार्ग का गरमपानी वाला भाग बारिश के कारण बाधित है, जिसे खोलने के लिए मशीनें लगाई गई हैं कार्य जारी है जो शीघ्र खुल जाएगी।
क्रोनिक लैंडस्लाइड जोन, नदी, नालों, गधेरों और बरसाती नालों के किनारे जाने से बचें। बरसाती नदियों का बहाव बहुत तेज होता है और अनहोनी की आशंका रहती है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं से अपील है कि रील्स बनाने या फोटोग्राफी के लिए जोखिम भरे स्थानों पर न जाएं और मानसून काल तक ऐसी गतिविधियों से परहेज करें।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।









