व्यापारी नेता नरेश पांडे को रात में घर से पकड़ा, नाबालिग से शोषण के आरोपों ने बढ़ाई मुश्किल

खबर शेयर करें -

भवाली। भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को मंगलवार देर रात पुलिस ने घर से हिरासत में ले लिया। उस पर पाक्सो, नाबालिग का गर्भपात कराने, महिलाओं का शारीरिक शोषण करने जैसे गंभीर आरोप हैं। कुछ और महिलाओं ने पांडे के खिलाफ पुलिस को साक्ष्य उपलब्ध कराए हैं। पिछले दिनों उसे न्यायालय से भी राहत नहीं मिली। ऐसे में नरेश पांडे की दिक्कतें बढ़ना तय हैं।

भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे पर शारीरिक शोषण, दबाव बनाकर गर्भपात कराने समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। इस संबंध में मल्लीताल कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इससे पहले नरेश पांडे की अग्रिम जमानत याचिका निचली अदालत और बाद में उत्तराखंड हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी है। इसके बाद से आरोपी इलाके से गायब था। बीते कुछ दिनों में उसकी सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ी थी।

मंगलवार रात को उसके घर मे होने की खबर मिलने के बाद नैनीताल पुलिस टीम तीन से चार वाहनों में रात साढ़े नौ बजे उसे हिरासत में लेने पहुंच गई। इसका पता नरेश पांडे को लगते ही वह फेसबुक पर लाइव आ गया और पुलिस पर आरोप लगाने लगा। करीब एक घंटे तक हुए हंगामे के बाद पुलिस उसे हिरासत में अपने साथ ले गई।

परिजनों को पीटने का आरोप
जब पुलिस नरेश पांडे के घर पहुंची तो वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव आ गया। उसने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आत्मदाह की धमकी दी। पांडे ने पुलिस पर परिजनों को पीटने का आरोप लगाया है। उसने दावा किया कि पुलिस बिना वारंट उसे गिरफ्तार करने पहुंची। इधर पुलिस ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि आरोपी भ्रामक माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है। खबर लिखे जाने तक पांडे की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हो पाई है।

सम्बंधित खबरें