
हरिद्वार। सिडकुल स्थित वी मार्क इंडिया लिमिटेड कंपनी में 19.67 लाख रुपये के माल में हेराफेरी और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने तीन कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू करलदक गई है। पुलिस के अनुसार, कंपनी के सहायक जनरल मैनेजर (एचआर) अभय कुमार गोयल ने सिडकुल थाने में शिकायत देकर बताया कि कंपनी के तीन कर्मचारियों पर आपसी मिलीभगत से माल में हेराफेरी कर अनुचित लाभ कमाने और कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
शिकायत में मनोज कुमार, मैनेजर प्रोडक्शन प्लानिंग, इन्वेंट्री एवं सेल्स, अमित कुमार, सहायक मैनेजर और अरविंद कुमार, पैकिंग एवं डिस्पैच विभाग के नाम शामिल हैं। आरोप है कि तीनों ने मिलकर कंपनी के माल में गड़बड़ी की, जिससे करीब 19.67 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीनों कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।











