
हल्द्वानी। दमुवादूंगा क्षेत्र में रहने वाली एक महिला की गर्दन की मालिश के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने कालाढूंगी रोड स्थित एक पहलवान पर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ निवासी रामचंद्र वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवादूंगा क्षेत्र में परिवार के साथ रहते हैं और निजी नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी मीनाक्षी पिछले करीब चार-पांच माह से गर्दन में दर्द की समस्या से परेशान थीं। उनका सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार भी चल रहा था।
रामचंद्र के मुताबिक, शनिवार को लोगों की सलाह पर वह पत्नी मीनाक्षी को गर्दन की मालिश कराने के लिए कालाढूंगी रोड स्थित एक पहलवान के पास लेकर गए थे। परिजनों का आरोप है कि मालिश के दौरान पहलवान ने मीनाक्षी की गर्दन को जोर से हिला दिया। इसके बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और वह मौके पर ही बेसुध हो गईं।
परिजन आनन-फानन में मीनाक्षी को बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके और परिजनों से घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मीनाक्षी की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वह अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच की रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल परिजनों की ओर से लगाए गए लापरवाही के आरोपों की भी जांच की जा रही है।











