
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। उत्तराखंड शासन के गृह अनुभाग-1 द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती दी गई है।
जारी सूची के अनुसार पुलिस मुख्यालय, कुंभ मेला और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने और इसकी सूचना पुलिस महानिदेशक के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों की तबादला सूची के अनुसार आईपीएस योगेंद्र सिंह रावत को पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक/मुख्यालय) से हटाकर पुलिस महानिरीक्षक, कुंभमेला की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयुष अग्रवाल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, टिहरी से स्थानांतरित कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कुंभ मेला बनाया गया है। श्वेता चौबे को सेनानायक, आईआरबी द्वितीय का तबादला टिहरी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद पर किया गया है।
आईपीएस विशाखा अशोक भदाणे, पुलिस अधीक्षक (Crime Against Women/सीसीटीएनएस/प्रशिक्षण) से स्थानांतरित कर सेनानायक, आईआरबी द्वितीय बनाया गया है।








