
उत्तरकाशी। अक्षय तृतीया के अवसर पर बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो गया। यात्रा की शुरुआत सबसे पहले गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुई, जिसके साक्षी राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बने। इसके बाद दोपहर 12:35 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।
उत्तरकाशी जिले में स्थित इन दोनों पवित्र धामों में सबसे पहली पूजा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से कराई गई, जिसमें देश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और “हर-हर गंगे” के जयकारों के बीच 19 अप्रैल को गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए।
पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगोत्री धाम पहुंचे और मां गंगा के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि शुभ मुहूर्त में विधिपूर्वक कपाट खोले गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हर्षिल हेलीपैड पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से गंगोत्री पहुंचे, जहां उनका स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाया गया था और पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा। अब अगले छह महीनों तक चलने वाली चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालु प्रतिदिन मां गंगा की आरती और दर्शन कर सकेंगे।








