ऑपरेशन ‘प्रहार : पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दूसरी गाड़ी का नंबर प्लेट लगाकर सड़क पर दौड़ रही थी थार, पुलिस ने रोका और खुला धोखाधड़ी का राज

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में अपराधों की रोकथाम हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 मंजूनाथ टीईसी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है।

प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा नयाँगांव तिराहे के पास सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक काले रंग की महिंद्रा थार संदिग्ध दिखाई दी।

पुलिस टीम द्वारा वाहन को रोकने का संकेत देने पर चालक ने गाड़ी रोककर भागने का प्रयास किया, जिसे तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जसपाल सिंह उर्फ सोनू (36 वर्ष) निवासी ग्राम बैलपोखरा, कालाढूंगी बताया।

वाहन चालक किसी भी प्रकार के वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जब वाहन की नंबर प्लेट यूके 04 एएफ 6111 को ई-चालान मशीन से चैक किया गया, तो वाहन स्वामी कोई और व्यक्ति निकला।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथी की मदद से वाहन की मूल नंबर प्लेट (यूके 12 एफ 0005) बदलकर दूसरी गाड़ी की नंबर प्लेट लगा रखी थी, ताकि असली मालिक से बच सके।

इस गंभीर धोखाधड़ी के मामले में आरोपी को मौके पर ही धारा 318(4) बीएनएस के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया। वाहन को कब्जे में लेकर थाना में पंजीकृत की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि उसके साथी प्रभजोत की तलाश जारी है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजवीर सिंह नेगी, अपर उपनिरीक्षक जयपाल सिंह, कांस्टेबल अमनदीप सिंह, मनोज द्विवेदी शामिल थे।

सम्बंधित खबरें