
नई दिल्ली। फरवरी 2026 से कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं, जबकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में दिल्ली से पटना तक करीब 50 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में 19 किलो वाला कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 1691.50 रुपये की जगह 1740.50 रुपये में मिलेगा। कोलकाता में इसकी कीमत 1795 रुपये से बढ़कर 1844.50 रुपये हो गई है। मुंबई में सिलेंडर अब 1642.50 रुपये की बजाय 1692 रुपये में मिलेगा, जबकि चेन्नई में इसके दाम 1849.50 रुपये से बढ़कर 1899.50 रुपये हो गए हैं।
अगर पिछले कुछ वर्षों के बजट डे के ट्रेंड पर नजर डालें तो घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में आमतौर पर कोई बदलाव नहीं हुआ है। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार पिछले 5 वर्षों में बजट के दिन घरेलू सिलेंडर की कीमतें स्थिर रहीं, जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर के दामों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है।
साल 2022 में बजट डे पर कॉमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली थी। उस दिन दिल्ली में 19 किलो का सिलेंडर 91.50 रुपये, कोलकाता में 89 रुपये, मुंबई में 91.50 रुपये और चेन्नई में 91 रुपये सस्ता हुआ था।
2023 में बजट डे पर न घरेलू और न ही कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव हुआ।
2024 में घरेलू सिलेंडर की कीमतें स्थिर रहीं, लेकिन कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में 18 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई थी।
वहीं 2025 में बजट डे पर कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं को मामूली राहत मिली थी, जब सिलेंडर के दाम सिर्फ 6.50 रुपये घटाए गए थे।








