एसटीएफ और गोवा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, सेक्सटॉर्शन रैकेट का सरगना उत्तराखंड से गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने गोवा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए बहुचर्चित सेक्सटॉर्शन रैकेट के फरार सरगना को देहरादून से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था और पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था।

एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सलमान खान निवासी माजरा, पटेलनगर, देहरादून है। आरोपी को 23 मई 2026 को थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर गोवा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। वह गोवा के मापुसा थाना में दर्ज एक गंभीर आपराधिक मुकदमे में वांछित था।

जांच में सामने आया कि आरोपी एक संगठित सेक्सटॉर्शन गैंग का हिस्सा था, जो अमीर कारोबारियों को निशाना बनाता था। गैंग में महिलाओं का इस्तेमाल कर बिजनेसमैन को जाल में फंसाया जाता था। इसके बाद फर्जी पहचान के सहारे खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो का अधिकारी बताकर पीड़ितों को बंधक बनाना, मारपीट करना और बदनामी की धमकी देकर करोड़ों रुपये की उगाही की जाती थी। पुलिस के मुताबिक, गैंग ने गोवा के मापुसा क्षेत्र में एक विला किराये पर लेकर वहां गुप्त कैमरे लगाए थे। योजना के तहत मुंबई के एक कारोबारी को बुलाया गया और उसके अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया। विरोध करने पर उससे मारपीट कर मोटी रकम वसूली गई।

इस मामले में पहले ही गैंग के कई सदस्यों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें दिल्ली निवासी एक महिला और हरिद्वार निवासी एक आरोपी शामिल हैं। मुख्य सरगना सलमान खान घटना के बाद से फरार था।

एसटीएफ ने कहा कि अन्य राज्यों के अपराधियों को उत्तराखंड में सुरक्षित पनाह नहीं लेने दी जाएगी। फिलहाल आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य राज्यों में उसके नेटवर्क की जांच की जा रही है।

सम्बंधित खबरें