
हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देशों के क्रम में जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध लगातार कड़ी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में 18 मई को वाहन चैकिंग के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल संख्या यूके 04 जेड 4055 के चालक द्वारा पुलिस कार्यवाही से बचने के लिए भागने का प्रयास किया गया तथा पुलिस टीम पर हमला करते हुए कांस्टेबल ललित नाथ को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
मामले में तत्काल एसएसपी नैनीताल द्वारा आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी चालक को मौके पर ही पकड़कर निरुद्ध कर लिया। कांस्टेबल ललित नाथ की तहरीर के आधार पर थाना हल्द्वानी में धारा 121(2), 132 BNS के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आरोपी सुलेमान पुत्र अब्दुल रऊफ निवासी वार्ड नंबर-14, सफदर का बगीचा, थाना बनभूलपुरा, जिला नैनीताल, उम्र 22 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। वह एसी रिपेयरिंग का कार्य करता है।
गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल को उपरोक्त अभियोग के साथ साथ एमवी एक्ट के अंतर्गत भी सीज किया गया है। एसएसपी डॉ० मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि पुलिस पर हमला करने, कानून हाथ में लेने और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोरतम कार्यवाही जारी रहेगी। पुलिस टीम में उप निरीक्षक कृपाल सिंह हीरानगर, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार शामिल थे।








