
हरिद्वार। सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी हरिद्वार के शपथ -ग्रहण समारोह में नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाने के अवसर पर अपने संबोधन में बोलते हुए वरिष्ठ नागरिक परिषद उत्तराखंड के उपाध्यक्ष नवीन वर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक की चिकित्सा सुरक्षा एवं सम्मान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों की सेवा हेतु प्रदेश के चार कार्यकर्ताओं को दायित्व दिया है । अब हम दायित्वधारियों को देखना है कि हमारे सम्मान के प्रतीक बुजुर्गों को उनका हक मिल रहा है या नहीं । उन्होंने कहा कि आप सभी ने अपने-अपने क्षेत्र में समाज व राष्ट्र की बहुत लंबे समय तक सेवा की है और अब सेवा निवृत्ति के बाद आपको सम्मान देना आपकी सुरक्षा करना समाज व सरकार की जिम्मेदारी है।
नवीन वर्मा ने कहा कि कई कार्यालय बैंकों एवं चिकित्सालय में आज भी वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से काउंटर की व्यवस्था नहीं बनाई गई हैं उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों के संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे वरिष्ठ नागरिकों के लिए अपने संस्थान में समुचित व्यवस्था बनाने की कार्यवाही तुरंत करें।
प्रदेश के प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक को सीनियर सिटीजन कार्ड दिलवाने की मुहिम भी समाज कल्याण विभाग के माध्यम से चल रही है जिसके माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को अतिरिक्त सुविधा मिल सकेंगी।
नवीन वर्मा ने कहा कि अप्रैल के प्रथम सप्ताह में वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह हल्द्वानी में आयोजित किया जा रहा है जिसमें मुख्यमंत्री ने आने की सहमति प्रदान की है इस सम्मेलन के माध्यम से प्रदेश के उन वरिष्ठ जनों को मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने अपने क्षेत्र में अति उल्लेखनीय कार्य किए हों।
हरिद्वार में आज आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश राकेश टंडन,महामंडलेश्वर ललितानंद गिरी महाराज (भारत माता मंदिर) व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष राजीव पराशर, प्रदेश मंत्री विजय शर्मा, विष्णु शर्मा तथा नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सदस्य गण उपस्थित थे।








