राज्य कर विभाग की बड़ी कार्रवाई : जीएसटी चोरी पकड़े जाने पर 35 लाख रुपए का लगाया जुर्माना

खबर शेयर करें -

देहरादून। राज्य कर विभाग ने शनिवार रात धर्मपुर में एक इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल फोन कंपनी के ऑफिस में छापेमारी की। इस दौरान जीएसटी चोरी पकड़े जाने पर 35 लाख जुर्माना लगाया गया।

जांच के दौरान फर्म द्वारा गलत तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ लेने का मामला सामने आया। उपायुक्त सुरेश कुमार ने बताया कि जांच के तहत टीम ने फर्म के घोषित व्यापार स्थल का निरीक्षण और सर्वेक्षण किया। इस दौरान पता चला कि फर्म में गलत तरीके से सामान की खरीद-फरोख्त कर टैक्स चोरी की जा रही थी। आईटीसी को गलत तरीके से इस्तेमाल कर सरकार को चूना लगाया जा रहा था। फर्म ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए मौके पर ही 35 लाख रुपये जमा करा दिए। साथ ही अधिकारियों ने मौके से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डाटा भी अपने कब्जे में लिया है।

उपायुक्त सुरेश कुमार ने बताया कि जब्त किए गए दस्तावेजों और डाटा का विश्लेषण किया जा रहा है। इसके आधार पर कर वसूली और अन्य कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। यह कार्रवाई आयुक्त राज्य कर सोनिका के निर्देशन में की गई। जांच टीम का नेतृत्व अपर आयुक्त डीएस नबियाल और संयुक्त आयुक्त अजय सिंह ने किया। कार्रवाई के दौरान जांच टीम में उपायुक्त सुरेश कुमार, टी. आर. चिन्याल, अलीशा बिष्ट और असद अहमद शामिल रहे।

सम्बंधित खबरें