
किच्छा। बीमा पॉलिसी पर आकर्षक धनराशि लौटाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने चीनी मिल में कार्यरत एक समयपाल से 13.46 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चीनी मिल में समयपाल के पद पर कार्यरत मोहन स्वरूप पुत्र रामचंद्र निवासी चीनी मिल लिमिटेड परिसर, किच्छा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने एचडीएफसी बैंक शाखा किच्छा के माध्यम से अपने नाम बीमा पॉलिसी कराई थी। आर्थिक समस्याओं के चलते उन्होंने पॉलिसी निरस्त कर अपरिपक्व धनराशि प्राप्त कर ली थी। इसके बाद उन्होंने रिलायंस बीमा कंपनी से दूसरी पॉलिसी कराई। जनवरी 2026 में उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को राजेश शर्मा, बीमा परिषद नियंत्रण निकाय कार्यालय मुंबई का बीमा लोकपाल बताया।
आरोपी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि यदि वह बताए गए नियमों का पालन करेंगे तो रिलायंस बीमा पॉलिसी के माध्यम से उन्हें समय-समय पर आकर्षक धनराशि मिलती रहेगी। झांसे में आकर उन्होंने 9 जनवरी से 2 अप्रैल 2026 के बीच कॉलर्स द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए 13.46 लाख रुपये जमा कर दिए। आरोपी ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि 5 मई 2026 को कुल 76.08 लाख रुपये की धनराशि उन्हें वापस मिल जाएगी। निर्धारित तिथि पर जब उन्होंने संबंधित मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया तो सभी नंबर बंद मिले। इसके बाद उन्हें अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।








