राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री धामी ने किया युवाओं से संवाद : प्रधानमंत्री के नेतृत्व में युवा सामर्थ्य को मिल रही नई दिशा और नए अवसर

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में सहभागिता कर युवाओं से संवाद किया। इस दौरान करियर, रोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास, तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

संवाद के दौरान युवाओं ने प्रदेश एवं देश के विकास से जुड़े विषयों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से सवाल पूछे। युवाओं ने सरकार की विभिन्न योजनाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए तथा रोजगार, स्वरोजगार और प्रदेश में बेहतर अवसरों की उपलब्धता को लेकर सुझाव भी रखे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति के सामर्थ्य को नई दिशा देने के साथ ही युवाओं के लिए नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों ने युवाओं को अपनी प्रतिभा, क्षमता और कौशल के अनुरूप आगे बढ़ने का मंच दिया है। आज का युवा केवल रोजगार प्राप्त करने वाला नहीं, बल्कि रोजगार और नए अवसरों का सृजन करने वाला भी बन रहा है।

उन्होंने कहा कि बदलती अर्थव्यवस्था और तकनीक के दौर में युवाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, नवाचार, डिजिटल तकनीक और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में संभावनाओं के नए द्वार खुले हैं। उत्तराखंड के युवा प्रतिभा और क्षमता से भरपूर हैं। उनकी ऊर्जा और सामर्थ्य को प्रदेश के विकास से जोड़कर उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

धामी ने कहा कि युवाओं को केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित न रखते हुए स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध कराने पर भी सरकार का विशेष ध्यान है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास, होम स्टे और मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी योजना सहित विभिन्न पहलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में भी उत्तराखंड तेजी से नई पहचान बना रहा है। राज्य में खेल अवस्थापना सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय तथा लोहाघाट में महिलाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज की दिशा में कार्य आगे बढ़ाया गया है। राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों द्वारा 100 से अधिक पदक जीतना राज्य की बढ़ती खेल प्रतिभा और बदलते खेल वातावरण का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें, इसके लिए सरकार द्वारा निःशुल्क कोचिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा, परिश्रम और सामर्थ्य ही विकसित उत्तराखंड के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है।
अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

सम्बंधित खबरें