पत्नी की गोली मारकर की हत्या और पुलिस को किया फोन, फरार पति की तलाश में जुटी पुलिस

खबर शेयर करें -

देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 26 वर्षीय काजल के रूप में हुई है। उसका शव ईदगाह रोड, सुभाष नगर स्थित सत्य साईं मंदिर के पास एक प्लॉट में बने कमरे से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में मृतका के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम को धीरज पंवार नाम के व्यक्ति ने फोन कर अपनी पत्नी को गोली मारने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने जब सूचना देने वाले धीरज से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ मिला।

काजल अपने पति धीरज पंवार के साथ क्लेमेनटाउन क्षेत्र में रह रही थी। मृतका के भाई अभिषेक ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसकी बहन और जीजा के बीच विवाद चल रहा था। घटना के बाद से धीरज का मोबाइल बंद है और वह पुलिस की पकड़ से बाहर है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों को जांच के लिए सुरक्षित किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।

मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेनटाउन में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति धीरज पंवार की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।

सम्बंधित खबरें