सिपाही 45 हजार लेते समय ट्रैप, विजिलेंस से खनन करने वाले ने की शिकायत, कर रहा था ब्लैकमेल

खबर शेयर करें -

बेतालघाट । हल्द्वानी विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बेतालघाट में तैनात सिपाही दीपक सामंत को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस टीम की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी सिपाही ने एक खनन कारोबारी से कार्रवाई न करने और मामले में राहत देने के नाम पर 65 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। खनन कारोबारी ने सिपाही की मांग से परेशान होकर विजिलेंस विभाग से शिकायत की।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने पूरे मामले की जांच की और ट्रैप की योजना बनाई. योजना के तहत कारोबारी को रिश्वत की रकम लेकर पुलिस चौकी भेजा गया. जैसे ही सिपाही दीपक सामंत ने 45 हजार रुपए की रिश्वत ली, पहले से घात लगाए बैठी विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान विजिलेंस अधिकारियों ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली. आरोपी सिपाही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तार सिपाही दीपक सामंत मूल रूप से उधम सिंह नगर जनपद के खटीमा चकरपुर क्षेत्र का निवासी है। विजलेंस की कार्रवाई से चौकी में हड़कंप मचा रहा। विजिलेंस टीम अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी सिपाही पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है या नहीं।

सम्बंधित खबरें