
जसपुर। ऊधमसिंहनगर के जसपुर क्षेत्र में शनिवार दोपहर बाघिन ने 15 वर्षीय कक्षा सात के एक छात्र को मार डाला। अपनी गाय को बचाने के प्रयास में छात्र ने शोर मचाया तो बाघ ने उसी पर हमला किया। घटना से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश है। सूचना पर वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भोगपुर क्षेत्र जंगली जानवरों की आवाजाही के लिए जाना जाता है। शनिवार दोपहर ग्राम सुंदरनगर भोगपुर निवासी छिंदर सिंह का 15 वर्षीय पुत्र अमरीक सिंह उर्फ बब्बू करीब ढाई बजे निजी स्कूल से पढ़ाई कर घर लौटा था। इसके बाद वह तीरथनगर मंदिर के पास बंधे अपने मवेशियों को चारा डालने गया। इसी दौरान अचानक एक बाघिन ने उनकी गाय पर हमला कर दिया। अमरीक ने शोर मचाया तो बाघिन ने गाय को छोड़कर उसी पर हमला कर दिया। बाघिन उसे खींचते हुए जंगल की ओर ले गया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख बाघिन छात्र को छोड़कर जंगल में चली गर्ई। ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल अमरीक को उठाकर घर पहुंचाया, पर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उसके सिर और बांह पर गहरे घाव हो गए थे। शव को देखकर परिजन बेसुध हो गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस के खिलाफ हंगामा किया तथा क्षेत्र में बाघ की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की। अमरीक भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता मजदूरी करते हैं। कोतवाल राजेंद्र सिंह डांगी ने बताया कि छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।








