
उधमसिंह नगर । जिले के रुद्रपुर शहर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां बच्चा चोरी के शक में लोगों की भीड़ ने एक महिला को पकड़कर बिजली के पोल से बांध दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के दौरान कई लोग मौके पर मौजूद रहे और कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह महिला को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई।
बताया जा रहा है कि यह घटना ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के ठाकुर नगर की है। सुबह करीब 11 बजे इलाके के मैदान में कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक महिला वहां पहुंची और बच्चों को अपने साथ चलने के लिए कहने लगी। महिला की इस हरकत से बच्चों के माता-पिता और आसपास के लोग सतर्क हो गए और उन्हें उस पर बच्चा चोरी का शक हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ वहां पहुंचे और लोगों से पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान भी कुछ महिलाएं पुलिस के सामने ही महिला को थप्पड़ मारती रहीं। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को शांत कराया और महिला को छुड़ाकर थाने ले गए।
थाने में पूछताछ के दौरान महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लगी। बताया गया कि वह खुद से ही बातें कर रही थी और सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रही थी।
सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी। उन्होंने बताया कि यह महिला पहले भी थाने में हंगामा कर चुकी है। एक बार वह थाने में दीवार पर सिर मारने लगी थी, जिसके चलते पुलिस को काफी परेशानी उठानी पड़ी थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे फिलहाल छोड़ दिया गया है। साथ ही उसके बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कहां की रहने वाली है और किन परिस्थितियों में वहां पहुंची थी।








