उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, 18 से 21 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में भूस्खलनव का खतरा

खबर शेयर करें -

देहरादून। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। 18 जुलाई से 21 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में तेज़ बारिश के साथ अति भारी वर्षा होने की संभावना है। देहरादून, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पौड़ी, टिहरी समेत कई जिलों में भूस्खलन, पत्थर गिरने और नदियों-नालों में अचानक जल स्तर बढ़ने का खतरा है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा टालने और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार, 18 जुलाई को राज्य के अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। यह सिलसिला 21 जुलाई तक जारी रहने का अनुमान है। देहरादून, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

19 जुलाई को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और बागेश्वर जिलों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज़ से अति तेज़ वर्षा के दौर पड़ने की संभावना है। इसी वजह से इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

20 जुलाई को देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी तेज़ बारिश के दौर जारी रहने की संभावना है।

21 जुलाई को बागेश्वर जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भी भारी बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में कहीं-कहीं तेज़ बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।

22 और 23 जुलाई के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार, पूरे उत्तराखंड में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और यात्रा के दौरान पूरी सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह भी दी गई है।

सम्बंधित खबरें