
देहरादून। डेटिंग ऐप और मैट्रीमोनियल साइटों पर हनी ट्रैप का जाल बिछाकर साइबर ठग लोगों की गाढ़ी कमाई लूट रहे हैं। एक प्रॉपर्टी डीलर को बंबल डेटिंग ऐप पर एक युवती के नाम से बनी प्रोफाइल से संपर्क कर दोस्ती करना भारी पड़ गया। युवक को पहले प्रेम जाल में फंसाया फिर खुद को फॉरेक्स ट्रेडिंग की जानकार बताकर 76.90 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डांडा खुदानेवाला निवासी एक प्रॉपर्टी डीलर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 नवंबर को डेटिंग ऐप बंबल पर एक अनजान लड़की से परिचय हुआ। उसने अपना नाम अंकिता सिंह और खुद को देहरादून निवासी बताया। दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हो गई। एक हफ्ते की बातचीत के बाद अंकिता ने बताया कि वह फॉरेक्स ट्रेडिंग से मोटा मुनाफा कमा रही है। प्रॉपर्टी डीलर को भी इसमें निवेश करने की सलाह दी। ठगी के इस खेल में भरोसा जीतने के लिए शातिरों ने पुराना पैंतरा अपनाया। नौ दिसंबर से प्रॉपर्टी डीलर ने निवेश शुरू किया। शुरुआत में जब उन्होंने पैसे निकालने की इच्छा जताई तो 22 दिसंबर को उनके खाते में 2,12,500 रुपये का मुनाफा वापस भेज दिया गया। इससे प्रॉपर्टी डीलर का भरोसा बढ़ गया।
इसके बाद मुनाफे के लालच में उन्होंने अलग-अलग तारीखों में करीब 11 बार में कुल 76.90 लाख रुपये जमा करा दिए। यह रकम चावल व्यापारियों, फूड प्रोसेसिंग यूनिट और सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के नाम पर बने अलग-अलग राज्यों (आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल) के खातों में ट्रांसफर कराई गई। जब प्रॉपर्टी डीलर ने अपनी जमा पूंजी और मुनाफा निकालने की कोशिश की तो ठगों ने नया पेच फंसा दिया।
28 जनवरी 2026 को उन्हें बताया गया कि पैसे निकालने के लिए 30 फीसदी इनकम टैक्स एडवांस में जमा करना होगा। ठगों ने उनसे 21-22 लाख रुपये और जमा करने की मांग की। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर थाने में शरण ली। जांच में सामने आया है कि ठगों ने प्रतिष्ठित ट्रेडिंग से मिलते-जुलते नाम से फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म बना रखे हैं। साइबर अपराध थाने के डिप्टी के एसपी कुश मिश्रा ने बताया कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।








