
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के सल्ट स्थित मोहान के पास तल्ला सल्ट के तड़म बोरड़ा में वन्य जीव ने बुजुर्ग को मार डाला। घटना रविवार देर शाम की है। सूचना पर वन विभाग की टीम ने मुआयना किया। टीम ने गुलदार या बाघ के हमले में मौत होने की आशंका जताई है।
पूर्व प्रधान दयाल सिंह रावत ने बताया कि 60 वर्षीय महिपाल सिंह पुत्र लक्ष्म सिंह पत्नी के साथ घर के पास खेत में काम कर रहे थे। तभी घात लगाए बैठे वन्य जीव ने उन पर हमला कर दिया। वह उनको घसीटकर कुछ दूर तक ले गया। पत्नी के शोर मचाने पर वन्य जीव महिपाल को छोड़कर भाग गया। जब तक आसपास के लोग महिपाल के पास पहुंचे उनकी मौत हो चुकी थी। डीएफओ दीपक सिंह ने बताया कि हमला बाघ या गुलदार ने किया है, इसकी पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद होगी।
घटना की सूचना के बाद लोगों ने वन विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया। देर रात तक लोगों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।








