
हल्द्वानी। भीमताल विकास खण्ड के सूर्या जाला तोल के जंगल में शुक्रवार शाम को महिला का अधखाया शव मिला है। महिला के बाघ के हमले में मौत की आशंका है। क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं, घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। ब्लॉक प्रमुख डाॅ हरीश सिंह बिष्ट ने वन्यजीव को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और, मृतक महिला के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग की है।
ग्राम प्रधान प्रियांशु ने बताया कि 45 वर्षीय हंसी देवी पत्नी लाल सिंह रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई थीं। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर ग्रामीणों ने जंगल में तलाश शुरू की। घर से करीब तीन से चार किमी दूर महिला का शव बरामद हुआ। महिला का एक पैर और एक हाथ वन्यजीव खा चुका था। क्षेत्र पंचायत सदस्य पंकज सूर्या ने बताया कि क्षेत्र में पूर्व में बाघ दिखाई दिया था। शव को जिस तरह से घसीटा गया है, उससे बाघ के हमले की आशंका है। डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया कि शाम छह बजे ग्रामीणों की ओर से सूचना मिली थी। हमला किस वन्यजीव ने किया, इसकी जांच कर रहे हैं।
मौके पर पहुंचे रेंजर नितिन पंत ने बताया कि घटना के वक्त महिला जंगल में अकेली थी। हमला किस वन्यजीव ने किया, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। क्षेत्र में गुलदार देखे गए हैं। बाघ की मौजूदगी भी हाल में दिखी है। हमलावर बाघ था या गुलदार इसकी जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भिजवा दिया गया है। क्षेत्र में लोगों को सतर्क करने के लिए कहा गया है। गश्त बढ़ाई जा रही है।








