नंदा देवी महोत्सव : कल 23 सितम्बर को नैनीताल, भवाली एवं भीमताल में बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान व आंगनबाड़ी केंद्र

खबर शेयर करें -

नैनीताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रायल ने बताया कि ऐतिहासिक श्री नंदा देवी महोत्सव का विधिवत समापन 23 सितम्बर 2026 को भव्य शोभायात्रा एवं माँ नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। इसके अतिरिक्त परगना नैनीताल के भवाली एवं भीमताल नगर क्षेत्र में भी डोला विसर्जन कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

धार्मिक आयोजनों के दृष्टिगत नैनीताल, भवाली एवं भीमताल नगर क्षेत्रों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है, जिससे इन क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की पूर्ण संभावना है।

छात्र-छात्राओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए नैनीताल, भवाली एवं भीमताल नगर क्षेत्र के अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, गैर-सरकारी (निजी) विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विश्वविद्यालयों में 23 सितम्बर 2026 को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए तथा अनुपालन न करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्यवाही अमल में लाई जाए।

सम्बंधित खबरें