
नैनीताल। कुमाऊं कमिश्नर व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को खुर्पाताल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विगत जनसुनवाई में प्राथमिक विद्यालय खुर्पाताल परिसर के गेट पर ताला लगाने को लेकर आए प्रकरण के संबंध में भी स्थलीय निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों एवं विद्यालय के मध्य हो रहे विवाद का समाधान मौके पर किया गया।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान कुमाऊं आयुक्त ने प्राथमिक विद्यालय, राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, पंचायत घर खुर्पाताल के साथ ही खुर्पाताल में स्थित प्राधिकरण की भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया।
आयुक्त ने खुर्पाताल में स्थित जिला विकास प्राधिकरण की भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया, मौके पर भूमि में काफी मात्रा में कचरा डाला जा रहा है, इस संबंध में आयुक्त ने काफी नाराजगी व्यक्त करते हुए क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक और उप निरीक्षक को दो दिन में कचरा डालने वाले व्यक्तियों का पता लगाकर संबंधित पर वैधानिक कार्यवाही करते हुए 5-5 हजार का जुर्माना लगाने की निर्देश दिए।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान आयुक्त द्वारा खुर्पाताल झील के एकदम किनारे 30 मीटर परिधि में बनाए गए होटल और भवनों के निर्माण पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मौके से ही सचिव जिला विकास प्राधिकरण, नैनीताल को क्षेत्र में जिला प्राधिकरण के तैनात सहायक अभियंता अभिषेक एवं अवर अभियंता बबीता का वेतन रोकने और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के साथ ही शीघ्र ही ऐसे होटलों और भवनों के चालान करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त इस क्षेत्र में झील से लगी हुई प्राधिकरण की जमीन पर भी होटल व भवनों द्वारा किए गए कब्जे को दो दिन के भीतर हटाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा इस प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने प्राधिकरण के सहायक अभियंता और अवर अभियंता को मौके पर निर्मित भवनों का नक्शा जांच करते हुए चालान की कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।








