
रुद्रपुर। नैनीताल के एक रेस्टोरेंट कारोबारी से विदेशी मुद्रा में निवेश कर मुनाफे का झांसा देकर 68 लाख की साइबर ठगी हो गई। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाना पंतनगर ने मुकदमा दर्ज किया है।
नौकुचियाताल नैनीताल निवासी राजेन्द्र कुमार पंत ने बताया कि नैनीताल में उनका खुद का एक रेस्टोरेंट है। अक्तूबर 2025 में फेसबुक के माध्यम से उनकी पहचान रिचा सचदेवा नाम की एक महिला से हुई। महिला ने स्वयं को निवेश कंपनी का मार्केटिंग और फोरेक्स ट्रेडिंग सलाहकार बताया और विदेशी मुद्रा में निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का दावा किया। झांसे में आकर उन्होंने 23 अक्तूबर 2025 से 13 फरवरी 2026 के बीच 11 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 68 लाख 4 हजार 800 रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। साइबर क्राइम थाना पंतनगर प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








