
नैनीताल। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने मंगलवार को लोक भवन में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा विकसित ‘फिन बोध’ एवं ‘उत्तरावाणी’ ऐप तथा असिस्टेंट होमस्टे मैनेजर पाठ्य सामग्री का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने इन पहलों को उत्तराखण्ड की आर्थिक, सांस्कृतिक और पर्यटन क्षमता को सशक्त बनाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
राज्यपाल ने कहा कि ‘फिन बोध’ ऐप वित्तीय साक्षरता को सरल और व्यवहारिक रूप में लोगों तक पहुँचाने का अभिनव माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के समय में वित्तीय समझ अत्यंत आवश्यक हो गई है और युवाओं को राजस्व, निवेश, संपत्ति प्रबंधन तथा वित्तीय परिसंपत्तियों की जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से युवा पीढ़ी ऐप आधारित माध्यमों से तेजी से सीखती है और ‘फिन बोध’ इस दिशा में एक प्रभावी एवं प्रगतिशील पहल है।
राज्यपाल ने ‘उत्तरावाणी’ ऐप को उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, भाषाओं और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि कुमाऊँनी, गढ़वाली, जौनसारी सहित विभिन्न बोलियों, लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक मंच उपलब्ध कराने में यह ऐप उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि सामुदायिक रेडियो की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए यह मंच दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को जोड़ने, स्थानीय ज्ञान और संस्कृति को संरक्षित करने तथा उसे वैश्विक स्तर तक पहुँचाने में सहायक बनेगा।








