
रुड़की । एक ही गांव में दो महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उनकी अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने का मामला सामने आया है। दोनों घटनाएं अलग-अलग समय की हैं, लेकिन आरोपों की प्रकृति एक जैसी होने से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। एक मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि दूसरे मामले में पीड़िता की तहरीर का इंतजार है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पहली घटना रुड़की कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। यहां एक महिला का पति ईंट-भट्टे पर काम करता है और करीब छह माह पहले काम के सिलसिले में कोटद्वार गया हुआ था। इसी दौरान पति का एक दोस्त महिला के घर आया। आरोप है कि उसने महिला को कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। नशे की हालत में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों को बुला लिया।
आरोप है कि तीनों ने मिलकर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और इस दौरान अश्लील वीडियो भी बना ली। पीड़िता का आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक आरोपी लंबे समय तक उसका शोषण करता रहा। जब महिला ने उसकी बात मानने से इंकार किया तो आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
वीडियो के सामने आने के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। कोतवाली रुड़की के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि इस मामले में मेहरबान सहित तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दूसरी घटना में मूलरूप से मेरठ निवासी एक महिला, जो वर्तमान में कलियर क्षेत्र में रह रही है, पीड़िता बताई गई है। महिला की तीन फरवरी को कोतवाली रुड़की क्षेत्र के गांव निवासी एक युवक से मुलाकात हुई थी। आरोप है कि युवक ने उसे बातों में उलझाकर नशीली चाय पिला दी और फिर अपने घर ले गया। वहां उसने एक अन्य दोस्त के साथ मिलकर महिला के साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि इस दौरान अश्लील वीडियो भी बनाई गई और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पीड़िता से संपर्क साधा गया है और उसने रविवार को तहरीर देने की बात कही है। तहरीर मिलने के बाद मामले की गहन जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








