दिल्ली में सीसीटीवी कैमरे लगा रहे उत्तराखंड के युवक समेत चार की मौत

खबर शेयर करें -

नई दिल्ली। दिल्ली के सरिता विहार इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगा रहे चार कर्मचारियों को बेकाबू डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में चारों की मौत हो गई। मृतकों में एक नैनीताल के मुक्तेश्वर का है।

पुलिस ने बताया कि एएबी मैटिका प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी रविवार तड़के करीब 3:20 बजे रोड नंबर-13 पर ट्रैफिक पुलिस के लिए सीसीटीवी कैमरे लगा रहे थे। कर्मचारी सड़क किनारे खड़ी क्रेन पर चढ़कर कैमरे लगा रहे थे। इसी दौरान नोएडा की तरफ से आए एक बेकाबू डंपर ने क्रेन में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद डंपर पास ही खड़े ऑटो से जा भिड़ा। हादसे में छह कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए। इलाज के दौरान चार ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय उमेश, 35 वर्षीय प्रवीण, 26 वर्षीय अनूप और 34 वर्षीय सूरज के तौर पर हुई है।

हादसे में एएबी मैटिका प्राइवेट लिमिटेड के एचआर और एडमिन मैनेजर सूरज की भी मौत हो गई। सूरज मूलरूप से उत्तराखंड के मुक्तेश्वर का रहने वाला था और पत्नी गंगा व दो बच्चों के साथ मुनरिका गांव में किराये के मकान में रहता था। सूरज बच्चों की पढ़ाई के लिए गांव से दिल्ली आया था।

सम्बंधित खबरें