
देहरादून । डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रसंघ समारोह में शनिवार को मंच पर गाली देने के मामले में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ रविवार देर रात को मुकदमा दर्ज कर लिया गया। दूसरी ओर पुलिस ने गायक को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए तलब किया है।
छात्र प्रतिनिधि सत्यम शिवम छात्र संगठन प्रांचल नौनी की ओर से तहरीर दी गई। शिकायत में कहा कि 11 अप्रैल को डीएवी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा को आमंत्रित किया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान गायक ने सैकड़ों छात्र-छात्राओं के सामने सार्वजनिक रूप से ‘मां-बहन’ की गालियां दीं और अश्लील शब्दों का प्रयोग किया।
उनके कृत्य से शैक्षणिक प्रांगण की मर्यादा तार-तार हुई। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि नोटिस गायक के स्थायी पते पर डाक के माध्यम से भेजने के साथ उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर ऑनलाइन मैसेज के जरिए भी भेज दिया गया है। गायक के खिलाफ पुलिस ने 296, 351(3द, धारा 352, धारा 79 में मुकदमा दर्ज किया है।








