
पौड़ी। उत्तराखंड के देवप्रयाग क्षेत्र में एक बोलेरो वाहन खाई में गिर गया। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एसडीआरएफ ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के मुताबिक आज डीसीआर पौड़ी से सूचना प्राप्त हुई कि देवप्रयाग क्षेत्र में पौड़ी की ओर डंपिंग जोन के समीप एक बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिर गया है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट श्रीनगर से टीम तत्काल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव अभियान प्रारंभ किया गया। अत्यंत विषम एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संचालित रेस्क्यू अभियान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो वाहन में कुल 07 लोगों के सवार होने की पुष्टि हुई।
एक घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों द्वारा पूर्व में ही सुरक्षित निकालकर उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया। घायल की पहचान अरम (16 वर्ष), पुत्र अफजाल, निवासी रायपुर जीतपुर, हरिद्वार के रूप में हुई।
रेस्क्यू अभियान के दौरान वाहन में सवार पाँच व्यक्तियों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान अफजाल पुत्र अकबर सूफी (49 वर्ष), गुफरान पुत्र अकबर (34 वर्ष), सब्बू पत्नी अफजाल (40 वर्ष), अनामिया पुत्री अफजाल (03 वर्ष), शादाब पुत्र अफजाल (14 वर्ष) के रुप में हुई। यह सभी एक ही परिवार के थे।
दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति अभी भी लापता है। एसडीआरएफ की टीम निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर लापता व्यक्ति की तलाश हेतु सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार संचालित कर रही है। घटना के संबंध में आवश्यक अग्रिम विधिक कार्यवाही स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।









