
नैनीताल। नैनीताल झील में सीवर का पानी गिरने संबंधी लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कुमाऊं आयुक्त व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने उत्तराखण्ड जल संस्थान को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि झील की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करने की बजाय नियमित निगरानी व्यवस्था लागू की जाए।
आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि झील क्षेत्र की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, जिससे भविष्य में इस प्रकार की शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो।
आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि नैनीताल झील की स्वच्छता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।








