
हल्द्वानी। उत्तराखंड के अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डाॅ वी मुरुगेशन ने नैनीताल और उद्यम सिंह नगर के पुलिस कप्तानों एवं अन्य राजपत्रित अधिकारियों के साथ की अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में कई कड़े निर्देश दिए गए। महिला अपराध व नशा तस्करी पर सख्ती से रोक लगाने को कहा।
अपर पुलिस महानिदेशक डाॅ वी मुरुगेशन ने यहां मीटिंग हॉल में बैठक के दौरान दोनों जनपदों के क्षेत्राधिकारियों के कार्यों की बिंदुवार गहन समीक्षा की और कड़े निर्देश जारी किए। विशेष अपराधों, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और लंबित विवेचनाओं के निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया।
निर्देश दिए कि शिकायती प्रार्थना पत्रों और जांचों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए।थानों एवं कार्यालयों का नियमित निरीक्षण और लंबित मालों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित हो।ई-साक्ष्य (e-Sakshya), NATGrid तथा अन्य महत्वपूर्ण पोर्टल्स पर डेटा अंकन की कार्यवाही को तत्काल पूर्ण किया जाए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण किया जाय।
बैठक में महिला संबंधी अपराध पर चर्चा हुई। एडीजी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ थानों में महिला अपराधों की विवेचना 60 दिन की अनिवार्य अवधि में पूर्ण नहीं हो रही है। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि ऐसी सभी विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। एनडीपीएस एवं ड्रग तस्करी पर चर्चा करते हुए नशा तस्करी के विरुद्ध कठोर रुख अपनाते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि ‘कमर्शियल क्वांटिटी’ की इन्वेस्टिगेशन की गुणवत्ता में सुधार लाया जाए। बड़े तस्करों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही कर उनकी संपत्ति जब्तीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
गुमशुदा व्यक्तियों, विशेषकर नाबालिक बच्चों की तलाश हेतु विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लावारिस एवं अज्ञात शवों की शिनाख्त के लिए तकनीक और प्रचार-प्रसार का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
एडीजी ने स्पष्ट किया कि कार्यों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर अपराध मुक्त समाज बनाने हेतु प्रेरित किया।
समीक्षा बैठक के दौरान नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 मंजूनाथ टीसी, ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, जितेंद्र चौधरी एसपी क्राइम रुद्रपुर, डॉ0 जगदीश चंद्र एसपी नैनीताल, मनोज कुमार कत्याल एसपी हल्द्वानी, उत्तम सिंह एसपी सिटी रुद्रपुर, स्वप्न किशोर सिंह एसपी सिटी काशीपुर समेत जनपद नैनीताल एवं उधम सिंह नगर के सभी क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।








