
ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर सड़क हादसा सामने आया है। इस भीषण दुर्घटना में मुनि की रेती क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शिवपुरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक (एसआई) विनोद कुमार शर्मा का दुखद निधन हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब वह अपनी रात्रि ड्यूटी पूरी करने के बाद वापस शिवपुरी चौकी लौट रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसआई विनोद शर्मा अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी (यूके07-1007) में अकेले सवार थे। शुरुआती जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि देर रात वाहन चलाते समय उन्हें अचानक नींद की झपकी आ गई। इसी वजह से उनकी तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई को पार करते हुए सीधे गंगा नदी में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और आपदा राहत दल तुरंत एक्शन में आए। राहत कर्मियों ने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच राफ्ट के माध्यम से नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने नदी से शव को बाहर निकालकर मुख्य सड़क मार्ग तक पहुंचाया।
मूल रूप से रानीपोखरी क्षेत्र के निवासी विनोद कुमार शर्मा पुलिस विभाग में अपनी कर्तव्यनिष्ठा और सरल स्वभाव के लिए काफी लोकप्रिय थे। पुलिस सेवा में आने से पहले वह भारतीय सेना में भी देश की सेवा कर चुके थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे और उनके गृह क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।









