
हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र जनवरी 2026 के लिए पुनः पंजीकरण का एक अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। यह निर्णय 21 फरवरी 2026 को आयोजित विद्या परिषद की बैठक में पुनः पंजीकरण के प्रावधान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों पर विचारोपरांत लिया गया।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि विभिन्न कारणों से पुनः पंजीकरण नहीं करा पाने वाले शिक्षार्थियों के हित में यह निर्णय लिया गया है। लिए गए निर्णय के अनुसार यह अवसर 21 फरवरी 2026 से जनवरी 2026 शैक्षणिक सत्र की प्रवेश की अंतिम तिथि तक मान्य रहेगा।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि विश्वविद्यालय सदैव शिक्षार्थी हितों को सर्वोपरि रखता है। उन्होंने कहा,
“विद्या परिषद में प्राप्त आवेदनों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने के बाद यह निर्णय लिया गया है कि जनवरी 2026 सत्र के लिए पुनः पंजीकरण का एक अंतिम अवसर प्रदान किया जाए। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी शिक्षार्थी तकनीकी या अन्य कारणों से अपनी शैक्षणिक प्रगति से वंचित न रहे। सभी इच्छुक शिक्षार्थियों से अपेक्षा है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक औपचारिकताएँ पूर्ण करें।”
प्रवेश प्रभारी डॉ. सुमित प्रसाद ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक शिक्षार्थी प्रवेश की अंतिम तिथि से पूर्व अपना आवेदन अनिवार्य रूप से [email protected] पर प्रेषित करना सुनिश्चित करें। अंतिम तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित शिक्षार्थियों से समय रहते आवेदन करने का आग्रह किया है, ताकि वे अपने शैक्षणिक सत्र को नियमित रूप से आगे बढ़ा सकें।








