
उत्तरकाशी। जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मोरी ब्लॉक की फतेपर्वत पट्टी के बरी गांव में मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने ही चाचा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल चाचा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भतीजा फरार हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह बरी गांव निवासी करम चंद उर्फ गांधी की किसी बात को लेकर अपने भतीजे सुमन चंद्र उर्फ सुबेन से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और सुमन ने तैश में आकर चाचा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले में करम चंद के गर्दन और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। वह बुरी तरह घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी सुमन चंद्र मौके से फरार हो गया।
वारदात की सूचना मिलते ही मोरी थाने के थानाध्यक्ष दीपक रावत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। हालांकि, अभी तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है।
पुलिस उपाधीक्षक चंचल शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। वारदात के पीछे की पूरी वजह और विवाद की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में तनाव और सनसनी का माहौल बना हुआ है।









