धोखाधड़ी में फाइनेंस कंपनी का आरोपी सीईओ गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। लोगों की पूंजी हड़पने वाले फाइनेंस कंपनी के सीईओ को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पत्नी और एक अन्य निदेशक की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। सीईओ को कोर्ट में पेशी के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

हल्द्वानी कोतवाली में मुखानी निवासी पार्थ पाराशर ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि जीएमएफएक्स ग्लोबल लिमिटेड नाम की फाइनेंस कंपनी के सीईओ विमल रावत निवासी पौड़ी ने उन्हें झांसा देकर फंसाया था। दस लाख रुपये निवेश करवाए और 25 से 30 महीने में रकम दोगुनी होने का लालच दिया।

जब ऐसा नहीं हुआ और पीड़ित ने रकम वापस मांगी तो आरोपी सीईओ ने 1.90 लाख रुपये किसी तरह दिए जबकि बाकी के 8.10 लाख रुपये नहीं लौटाए। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मंगलवार को आरोपी विमल को कोतवाली में तलब किया। घंटों पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में विमल की पत्नी रूबी और एक अन्य निदेशक अनूप भी आरोपी हैं।

सम्बंधित खबरें