
नैनीताल/ हल्द्वानी। उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम प्रारम्भ हो गया है इसी के तहत आज (सोमवार) से नैनीताल जिले के सभी मतदाताओं को गणना फार्म बांटने का कार्य भी प्रारम्भ हो गया है।
इस अभियान की औपचारिक शुरुआत लोकभवन नैनीताल में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) को ईआरओ द्वारा गणना फॉर्म उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बीएलओ द्वारा प्रत्येक मतदाता के घर जाकर गणना फॉर्म वितरित किए जाएंगे तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदाता विवरणों का सत्यापन एवं अद्यतन कार्य किया जाएगा।
यह अभियान निर्वाचन नामावली को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे सभी पात्र नागरिकों कानाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि वह अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराऐं। उन्होंने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई के बीच घर-घर भ्रमण के दौरान गणना फार्म के साथ मतदाताओं से कोई भी दस्तावेज नही लेने होंगे। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया जाएगा इसके साथ ही 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 के बीच दावे एवं आपत्तियों को दर्ज करने का समय दिया गया है। इसी बीच 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक सभी नोटिस जारी कर दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता स्वयं भी ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से अपना गणना फार्म ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं इसके बाद मतदाता इसे भरकर अपलोड कर सकते हैं। इस प्रक्रिया के दौरान अगर कोई भी पात्र व्यक्ति, मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाना चाहते हैं तो वे अपने बीएलओ से संपर्क कर फार्म 6 भर सकते हैं। जिसके बाद दावे आपत्तियों के निस्तारण के समय उनके फार्मों पर विचार किया जाएगा। सोमवार को जिले में सभी बीएलओ द्वारा अपने अपने क्षेत्र में मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरण करने का कार्य किया गया।









