
खटीमा। ऊधमसिंहनगर के खटीमा में फौजी की बुजुर्ग मां की बुधवार रात सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। बुजुर्ग महिला के सिर पर चोट और गले पर कट का निशान मिला है। इतना ही नहीं फर्श पर खून फैला था। महिला अकेली रहती थी और घर बाहर से बंद था। पुलिस ने कुछ को हिरासत में लिया है।
खटीमा कोतवाली पुलिस के अनुसार, सितारगंज रोड स्थित देवभूमि कॉलोनी में 65 वर्षीय जानकी चंद अकेले रहती थीं। दो मंजिला मकान में नीचे के हिस्से में एक किराएदार रहता है। पति की मौत के बाद बेटियों पूनम चन्द और सुमन चंद का विवाह हो गया था। जबकि उनका बेटा बंगाल इंजीनियर कोर में नायक के पद पर जालंधर में तैनात है। जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम को बेटी पूनम ने मां को फोन किया जो नहीं उठा। इसकी जानकारी पूनम ने भाई सूरज को दी। सूरज ने जब फोन किया तब भी मां ने फोन नहीं उठाया। जिसके बाद सूरज ने मां के सत्संगी साथी, जो संत रामपाल से जुड़े हैं, को फोन किया।
देर रात शैलेंद्र मिश्रा, सुनील गुप्ता आदि जानकी के घर पहुंचे। उन्होंने घर पहुंचकर आवाज लगाई लेकिन अंदर से कोई बाहर नहीं निकला। जिसके बाद उन्होंने सूरज को वीडियो कॉल पर जोड़ा और घर का ताला तोड़ा। अंदर देखा तो जानकी चंद जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी थीं। फर्श पर खून फैला था। उनका हाथ और चेहरा नीला पड़ा था और माथे पर चोट के निशान थे।
रात करीब 12 बजे कोतवाल बिजेंद्र शाह, एसएसआई ललित मोहन रावल मौके पर पहुंचे। रात में ही फॉरेंसिक टीम डॉग स्क्वायड के साथ पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले के खुलासे को एसएसपी ने एएसपी उत्तम सिंह नेगी के नेतृत्व में टीम गठित की हैं।








