चोरी के शक में मजदूर की डंडों से पीट-पीटकर की गई हत्या

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी के शक में उसकी डंडों से पीट-पीटकर हत्या की गई थी। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से डंडे बरामद किए गए हैं।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि सोमवार सुबह डायल 112 पर सूचना मिली थी कि हनुमान मंदिर ढाल के पास एक व्यक्ति बेसुध हालत में पड़ा है। सूचना पर ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची, जहां दीपक इंडस्ट्रीज के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिला। मृतक की पहचान मूल ग्राम मर्थुवा सरैय्या, थाना महाराजगंज उत्तर प्रदेश हाल निवासी आजादनगर वार्ड तीन, रुद्रपुर निवासी 42 वर्षीय पप्पू वर्मा पुत्र फतेह बहादुर वर्मा के रूप में हुई। शरीर पर आंख, बाएं कंधे और दाहिने हाथ पर चोट व रगड़ के निशान पाए गए थे।

मृतक के दामाद पवन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें तीन युवक दिखाई दिए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रविवार रात पप्पू एक गोदाम में घुस गया था, जहां फोम की मैट रखी थी। चोरी के शक में उन्होंने बांस के डंडों से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी योगेश पाण्डे पुत्र विनय कुमार पाण्डे, सुजीत सरोज पुत्र कमलेश और अबू तालीब पुत्र मोहम्मद वकील तीनों निवासी हनुमान ढाल शिमला बहादुर रुद्रपुर को गिरफ्तार कर लिया है।

सम्बंधित खबरें