उफनती नदी में फंसे 7 लोगों का SDRF ने किया साहसिक रेस्क्यू

खबर शेयर करें -

देहरादून। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण उफनती नदी के बीच बने टापू पर फंस गए सात व्यक्तियों को SDRF देहरादून की टीम ने जोखिम भरे साहसिक अभियान के तहत सुरक्षित बचाया है। यह घटना थाना कैंट क्षेत्र के संतला देवी मंदिर के समीप हुई, जहां अचानक बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के कारण सात लोग नदी के बीच फंस गए थे। SDRF सहस्त्रधारा पोस्ट की टीम उप निरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में तुरंत मौके पर पहुंची और सिविल पुलिस के साथ समन्वय कर सभी 7 लोगों को सकुशल बाहर निकाला।

सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से उप निरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।घटनास्थल पर पहुंचने पर ज्ञात हुआ कि लगातार हो रही वर्षा के कारण नदी का जलस्तर एवं बहाव अत्यधिक बढ़ चुका था। चारों ओर से उफनती धारा से घिरे सभी व्यक्ति नदी के बीच बने टापू पर फंस गए थे तथा किसी भी प्रकार स्वयं सुरक्षित बाहर निकल पाना संभव नहीं था। परिस्थितियों की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ टीम ने सिविल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर बिना विलंब रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया।

तेज बहाव, फिसलनयुक्त तट एवं प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ के प्रशिक्षित जवानों ने उच्च स्तरीय पेशेवर दक्षता, सूझबूझ एवं साहस का परिचय देते हुए विशेष रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से सभी 07 व्यक्तियों तक सुरक्षित पहुंच बनाई। सुनियोजित एवं जोखिमपूर्ण अभियान के दौरान सभी व्यक्तियों को एक-एक कर सुरक्षित नदी से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। एसडीआरएफ की त्वरित प्रतिक्रिया, उत्कृष्ट समन्वय एवं कुशल रेस्क्यू क्षमता के परिणामस्वरूप एक संभावित जनहानि को टालते हुए सभी 07 व्यक्तियों का जीवन सुरक्षित बचाया गया। रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों में मुकेश पुत्र महादेव, निवासी बल्लीवाला, उम्र 35 वर्ष, सुशील पुत्र इंद्रदेव, निवासी सीमा द्वार, उम्र 36 वर्ष, प्रेम कुमार पुत्र महेंद्र, निवासी सीमा द्वार, उम्र 27 वर्ष, रोशन गुप्ता पुत्र जनार्दन गुप्ता, निवासी सीमा द्वार, उम्र 32 वर्ष।, राजीव पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी सीमा द्वार, उम्र 30 वर्ष, पवन सिंह पुत्र इंद्रदेव, निवासी सीमा द्वार, उम्र 25 वर्ष, सूरज साहनी पुत्र सिताराम साहनी, निवासी सीमा द्वार, उम्र 30 वर्ष शामिल थे।

सम्बंधित खबरें