युवक की हत्या के बाद बवाल…दुकान जलाई, तोड़फोड़ की, आक्रोशित लोगों ने निकाला जुलूस, जाम लगाने का प्रयास

खबर शेयर करें -

खटीमा। खटीमा में शुक्रवार देर रात इस्लाम नगर से आए कुछ युवकों ने रोडवेज स्टाॅपेज के पास एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। शनिवार को हत्याकांड से आक्रोशित लोगों ने एक दुकान में आग लगाने के साथ कई दुकानों में तोड़फोड़ कर दी। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं, व्यापारियों समेत आक्रोशित लोगों ने शहर में जुलूस निकालने के साथ ही कोतवाली का घेराव हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। घटना के विरोध में व्यापारियों ने भी दुकानें बंद रखीं। तनाव की स्थिति को देखते हुए खटीमा बाजार क्षेत्र में जगह-जगह पुलिस तैनात रही।

शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे आश्रम पद्धति स्कूल के पीछे रहने वाला तुषार शर्मा (24) बस स्टॉपेज के पास वाल्मीकि बस्ती निवासी अभय और पकड़िया निवासी सलमान के साथ एक चाय की दुकान के पास खड़ा था। अचानक गोटिया, इस्लाम नगर से आए करीब छह युवकों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच आरोपियों ने तीनों पर चाकुओं से हमला कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों घायलों को खटीमा उप जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने तुषार को मृत घोषित कर दिया जबकि दो घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।

शनिवार सुबह युवक की हत्या की घटना शहर में आग की तरह फैल गई। आक्रोशित विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं समेत सैकड़ों लोगों ने घटनास्थल के पास चाय दुकान को आग के हवाले कर दिया। साथ ही बगल में खुली दुकानों में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर सीओ विमल रावत, कोतवाल विजेंद्र शाह, एसएसआई ललित रावल, बाजार चौकी प्रभारी जीवन चुफाल समेत अग्निशमन दल ने मौके पर दुकान में चाय की दुकान में लगी बुझाई।

वारदात से गुस्साए व्यापारियों, परिजनों के साथ ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग के लिए खटीमा कोतवाली का घेराव कर शहर भर में जुलूस निकाला। इससे शहर में तनाव की स्थिति पैदा हो गई जिसे देखते हुए शहर में जगह-जगह पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। हत्याकांड के विरोध में सितारगंज मार्ग, टनकपुर मार्ग, मेलाघाट मार्ग और पीलीभीत मार्ग के अधिकांश व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। आक्रोशित लोगों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग के लिए मुख्य चौराहे और रोडवेज स्टॉपेज के पास जाम लगाने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने किसी तरह लोगों को तितर-बितर किया। सीओ विमल रावत रावत ने आक्रोशित लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सम्बंधित खबरें