फैक्ट्री मालिक पर 40 लाख रुपए हड़पने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर। दिल्ली की एक कंपनी के मालिक ने सिडकुल स्थित डैकेन हेल्थ केयर पर काम कराने के बाद करीब 40 लाख रुपये की धनराशि हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में आरोपी कंपनी के मालिक सहित तीन लोगों पर केस किया है।

आनंद पर्वत इंडस्ट्रियल एरिया, नई दिल्ली निवासी इंडो पैक लिमिटेड के मालिक धनंजय सर्राफ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2013 में उन्होंने डैकेन हेल्थ केयर के साथ व्यवसाय शुरू किया था। उनकी कंपनी दवाइयों की फाइल प्रिंटिंग का कार्य करती थी और तैयार माल डैकेन हेल्थ केयर को आपूर्ति किया जाता था, जिसके एवज में भुगतान किया जाता था।

आरोप है कि वर्ष 2019 से डैकेन हेल्थ केयर ने भुगतान में अनावश्यक विलंब करना शुरू कर दिया, जबकि माल की आपूर्ति लगातार जारी रही। रुपये नहीं दिए। जब उन्होंने ब्याज सहित 40 लाख पांच हजार 704 रुपये की मांग की तो कंपनी ने संपर्क बंद कर दिया। धनंजय सर्राफ के अनुसार, जून 2025 में जब वह भुगतान मांगने कंपनी पहुंचे तो कंपनी के मालिक मोहक गुप्ता और उनके साथी सिद्धार्थ पांडेय व तारा सिंह ने मारपीट की और भुगतान से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि 22 नवंबर को भी मारपीट की गई। थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है ।

सम्बंधित खबरें