
नैनीताल । गुलदार की दो खालों के साथ एक वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर के पास से गुलदार की लगभग 6 माह पुरानी हड्डियाँ भी बरामद की गई हैं।
नैनीताल के किलबरी–पंगूट मोटर मार्ग पर वन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान दो गुलदार की खाल और भारी मात्रा में गुलदार की हड्डियों के साथ एक वन्यजीव तस्कर को मौके से गिरफ्तार किया गया। तस्कर की पहचान बागेश्वर जिले के कपकोट निवासी महेश सिंह कपकोटी के रूप में हुई है। जिस दौरान इस तस्कर को मीडिया के सामने लाया गया, वो घुटनों के बीच मुंह छिपाए बैठा रहा।
गिरफ्तारी के बाद वन प्रभाग और एसटीएफ की टीमें तस्कर से गहन पूछताछ कर रही हैं। यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी में कोई अन्य लोग तो शामिल नहीं हैं। आशंका जताई जा रही है कि गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से वन्यजीव अंगों की तस्करी में लिप्त था।
वन विभाग ने बताया कि उन्हें इस तस्करी की पूर्व सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। विस्तृत पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि शिकार कब, कहां और किस जंगल में किया गया।








