
हल्द्वानी। भीमताल विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों एवं लंबित सड़क परियोजनाओं को लेकर प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने हल्द्वानी स्थित सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए हरीश पनेरू ने कहा कि क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कें वर्षों से उपेक्षा का शिकार हैं, जिससे ग्रामीणों, छात्रों, किसानों और आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से सजानी-बड़ोन मोटर मार्ग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह सड़क मुख्यमंत्री की घोषणाओं में शामिल होने के बावजूद अब तक स्वीकृत नहीं हो पाई है।
इसके अलावा डालकनिया-भोलापुर मोटर मार्ग, करायल-टकुरा-जमराड़ी मोटर मार्ग, भीमताल-भालूगाड़ मोटर मार्ग तथा पदमपुरी-चाफी मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति पर भी उन्होंने चिंता व्यक्त की और शीघ्र सुधार कार्य शुरू करने की मांग की।
इस अवसर पर सुशील भट्ट, मेहुल शाह, ललित चिलवाल, प्रकाश आर्या, महेंद्र धोपाल, बसंत पनेरू, राम सिंह चिलवाल, गोकुल मेलकानी, प्रबल धरमवाल, हर्ष शर्मा, मयंक बचखेती, बालम चिलवाल, नरेंद्र पनेरू, कैलाश विष्ट, खिमेश पनेरू, केशव बिष्ट, हिमांशु पलड़िया सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।







